मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने आज विदिशा जिले के प्रवास के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर खाद्य सुरक्षा एवं पोषण से जुड़ी शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पठारी हवेली तथा चिढ़ोरिया ग्राम पहुंचकर शासकीय उचित मूल्य दुकानों, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (पीएम पोषण) के तहत मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।
आयोग अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा ने निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य दुकानों से हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था, उपलब्ध खाद्यान्न तथा संबंधित अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संधारित पंजीयों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारियां लीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर यह समझने का प्रयास किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक किस प्रकार पहुंच रहा है।
स्कूलों में संचालित पीएम पोषण आहार व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोग अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं नियमित वितरण के संबंध में सीधे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू के अनुसार भोजन मिलने की जानकारी भी प्राप्त की, ताकि योजना के वास्तविक क्रियान्वयन का आकलन किया जा सके।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं को प्रदाय किए जाने वाले खाद्यान्न तथा पोषण आहार की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। हितग्राहियों से संवाद कर खाद्यान्न की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से क्रॉस मॉनिटरिंग की। साथ ही संबंधित अभिलेखों एवं पंजीयों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया।
आयोग अध्यक्ष का यह ग्रामीण भ्रमण खाद्य सुरक्षा एवं पोषण संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।
निरीक्षण भ्रमण के दौरान पीएम पोषण आहार की जिला समन्वयक श्रीमती कृति चौहान, सहायक आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



