मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन क्विज-2026 में राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाने वाली काशी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमिलिया की टीम के प्रतिभागियों का आज कलेक्टर विकास मिश्रा ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में सीधी जिले की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से देवांश धर द्विवेदी (कक्षा 9वीं), कोमल सोनी (कक्षा 10वीं) एवं प्रिन्सी गुप्ता (कक्षा 11वीं) ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में 40 प्रश्नों पर आधारित मुकाबले में सीधी जिले की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सीधे फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद फाइनल चरण में प्रदेश की अन्य टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से सीधी जिले सहित विंध्य क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता को ज्ञान, मेहनत एवं पर्यटन के प्रति रुचि का परिणाम माना जा रहा है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह एवं एडीपीसी सीपी तिवारी उपस्थित रहे।



