भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की पहल जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (बीआईआरएसी) के तत्वावधान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी में जीवन विज्ञान में जैव-नवाचार, जैव-उद्यमिता एवं करियर अवसरों पर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के ई-युवा केंद्र एवं महाविद्यालय के संयुक्त संयोजन में किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कैलाश सिंह नेताम ने विद्यार्थियों को अनुसंधान, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान के महत्व से अवगत कराते हुए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आई.पी. प्रजापति एवं प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को जीवन विज्ञान के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के विशेषज्ञ वक्ता डॉ. कमलेश चौरे, अधिष्ठाता, जीवन विज्ञान संकाय एवं ई-युवा केंद्र समन्वयक, एकेएस विश्वविद्यालय, सतना ने जैव-नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा अपने विचारों को अनुसंधान परियोजनाओं में बदलने के लिए प्रेरित किया।

विशेषज्ञ डॉ. माही चौरे ने ई-युवा स्नातक छात्रवृत्ति एवं नवाचार फेलोशिप की जानकारी देते हुए पात्र विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए उपलब्ध अनुसंधान एवं वित्तीय सहायता के अवसरों से अवगत कराया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन वनस्पति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ. राकेश सिंह चौहान ने किया। इसमें डॉ. दिवाकर सिंह, सुश्री सरला सिंह, डॉ. आकांक्षा मिश्रा, डॉ. अनीता द्विवेदी, डॉ. गौरव यादव, डॉ. राजलाल पटेल, डॉ. कन्हैयालाल प्रजापति एवं डॉ. सुरेंद्र मिश्रा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा वनस्पति विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि एवं प्राणीशास्त्र के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने अनुसंधान, फेलोशिप और करियर संबंधी प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नवाचार आधारित परियोजनाओं के माध्यम से जीवन विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।