जिले की ग्राम पंचायत मयापुर के इमली वाले सहराने में पोषण जोडो-पुडिया छोडो अभियान के तहत समुदाय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कार्तिकेय जायसवाल ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा परिवार में पौष्टिक आहार को शामिल करने की समझाइश दी।
सीईओ जिला पंचायत श्री जायसवाल ने कहा कि ग्राम समाज की जड़ों को मजबूत बनाने के लिए हमें सामाजिक बुराइयों और नशे को छोड़ना होगा। पुड़िया, गुटखा और शराब जैसी नशीली चीजें स्वस्थ जीवन को कमजोर कर रही हैं। नशे से तन और धन दोनों का नुकसान होता है। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए नशे से दूरी बनानी होगी। भोजन में हरी सब्जियां एवं पौष्टिक आहार को शामिल करना चाहिए।
बैठक में महात्मा गांधी सेवा आश्रम के संचालक एवं समाजसेवी श्री जयसिंह जादौन ने कहा कि हम अपने ही हाथों से बच्चों को पुड़िया नामक जहर दे रहे हैं। पूरे क्षेत्र में पुड़िया और तंबाकू के सेवन से लोगों का शरीर कमजोर होता जा रहा है। इसका असर आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। एक ओर फसलों में रसायनों के बढ़ते उपयोग से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर हम पुड़िया, तंबाकू और शराब जैसे हानिकारक पदार्थों का सेवन कर अपने स्वास्थ्य को और नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सभी से अपने घरों से नशे को बाहर करने और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूक होने की अपील की।
महिला एवं बाल विकास विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री पवनजीत सिंह अरोरा ने भी समुदाय के लोगों को नशे से दूर रहने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की समझाइश दी। वहीं महात्मा गांधी सेवा आश्रम के श्री राधावल्लभ जांगिड़ ने पोषण शिक्षा पर समुदाय के साथ संवाद कर पौष्टिक खानपान के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने उपस्थित सभी लोगों को गुटखा, पुड़िया एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। बैठक में बस्ती की महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे सहित महात्मा गांधी सेवा आश्रम, ग्राम पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा समाजसेवी उपस्थित रहे।




