सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत ढेगदा स्थित क्रीडा परिसर में ह्युमन रंगोली के माध्यम से भारतीय मादा चीता ‘‘मुखी’’ की भव्य एवं आकर्षक विशाल प्रतिकृति बनाई गई।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की विशेष पहल के चलते क्रियेटिव श्योपुर अंतर्गत उक्त ह्युमन रंगोली का आयोजन किया गया। ह्युमन रंगोली में महिला बाल विकास विभाग एवं एनआरएलएम से जुडी एक हजार से अधिक महिलाओं तथा कन्या आदिवासी परिसर की छात्राओं द्वारा चीते के मुख रंग आधारित परिधान पहनकर यह विशाल रंगोली बनाई गई है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिलाओं की सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को महिला शक्ति, एकजुटता और वन्यजीव संरक्षण के संदेश से विशेष रूप से जोडा है।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने इस सफल आयोजन के उपरांत कहा कि वर्तमान में देवी उपासना का नवदुर्गा पर्व चल रहा है, इस दौरान नारी शक्ति द्वारा ह्युमन रंगोली में भाग लेकर अपने उत्साह और धैर्य के साथ आयोजन को सफल बनाने में अपना सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत चीता मुखी की प्रतिकृति बनाकर श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट के 4 वर्ष सफलता पूर्वक पूर्ण होने को भी सेलीब्रेट किया गया है।
भारतीय चीता ‘‘मुखी’’ का जन्म 29 मार्च 2023 को कूनो नेशनल पार्क में हुआ था। वह नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला की संतान है। मुखी के नाम यह इतिहास दर्ज है कि 70 साल बाद भारत की धरती पर जन्म लेने वाली वह पहली चीता है, इसलिए चीता मुखी भारत में जन्मे पहली चीता पीढ़ी की खास पहचान है। नवंबर 2025 में मादा भारतीय चीता मुखी ने पांच शावकों को जन्म दिया। यह भारत में चीता पुनर्स्थापन परियोजना के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। वर्तमान में मुखी तीन साल की आयु पूर्ण कर चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, डीएफओ कूनो श्री आर थिरूकुराल, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीणा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, रेडक्रॉस सचिव श्री दिनेश दुबोलिया, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय शाक्य, श्री शिवलाल शाक्य, सहायक संचालक उद्योग श्री शुभम अग्निहोत्री, महिला बाल विकास अधिकारी श्री श्यामबाबू खरे, डीपीएम एनआरएलएम श्री सोहनकृष्ण मुदगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा नागरिकगण मौजूद रहें। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला बाल विकास विभाग, एनआरएलएम, आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।




