कलेक्टर सुश्री सुशीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढोढर में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 41 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदान जागरूकता से जुडे श्री अरुण ओसवाल एवं श्री महावीर गुप्ता, बीएमओ डॉ राघवेन्द्र भदौरिया आदि मौजूद रहे तथा रक्तदाताओं को ब्लड बैंक की ओर से प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर का शुभारंभ ढोढर टीआई श्री राकेश शर्मा ने रक्तदान कर किया। कैंप नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश मीणा तथा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय टीम ने मरीजों का परीक्षण और उपचार किया। टीम में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि कुशवाह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता गुप्ता, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. दिनेश माहौर एवं डॉ. संदीप जाटव सहित अन्य चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहे।
शिविर में 347 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 37 की नेत्र जांच, 42 महिलाओं की स्त्री रोग जांच, 18 मरीजों की मानसिक रोग जांच, 60 की बीपी और शुगर जांच तथा 32 मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। किशोरी बालिकाओं को 12 एचपीवी और 18 टीडी टीके लगाए गए। एक हितग्राही का आयुष्मान कार्ड बनाया गया, जबकि अन्य सामान्य रोगों से संबंधित 127 मरीजों को परामर्श और उपचार दिया गया।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, रोगों के प्रति जागरूकता और स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए आमजन से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।


