धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के अवसर पर आज जिले में 'जनजातीय गौरव दिवस' का भव्य आयोजन गांधी हॉल शाजापुर में किया गया। कार्यक्रम में शाजापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अरुण भीमावद, जनपद पंचायत शाजापुर जनपद अध्यक्ष श्री शरद शिवहरे, कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े, डॉ. रवि पांडे, श्री भूपेंद्र सिंह मेड़ा, श्री आशीष नागर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के शुभारंभ में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर मार्त्यापण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात् राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से विधिवत प्रारंभ हुआ। आयोजकों द्वारा सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण किया।

विधायक श्री अरुण भीमावद ने संबोधित करते हुए धरती आबा के जीवन संघर्ष, उनके क्रांतिकारी विचारों एवं सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने न केवल जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया, बल्कि समाज को संगठित कर अपनी संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा करने की प्रेरणा भी दी। श्री भूपेंद्र सिंह मेड़ा ने भी संबोधित किया।

प्रधानमंत्री जी के लाइव वेबकास्ट का प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों एवं समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा भारत सरकार की ओर से आयोजित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का लाइव वेबकास्ट भी देखा एवं सुना गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा जनजातीय गौरव, इतिहास और संस्कृति को जीवंत करने वाली आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। शासकीय अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन एवं सीनियर कन्या छात्रावास क्रमांक 2 की छात्राओं ने महान क्रांतिकारी भीमा नायक की जीवन गाथा और शौर्य की थीम पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी, इसके साथ ही कन्या उत्कृष्ट छात्रावास मोहन बड़ोदिया की छात्राओं ने "जल, जंगल, जमीन के रखवाला" गीत पर मनमोहक पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साह से भर दिया।

प्रतिभाओं एवं संस्कृति रक्षकों का सम्मान

समारोह में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं एवं अपनी संस्कृति के संरक्षण में देने वाले समुदाय के विशिष्ट जनों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भी मंच से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री नेहा गंगारे, डिप्टी कलेक्टर श्री जगदीश वर्मा सहित जिले के अन्य समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाज के प्रबुद्धजन व विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के समापन पर जनजातीय कार्य विभाग तथा अनुसूचित जाति विकास शाजापुर के जिला संयोजक श्री रमेश चौहान ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रतिभागी छात्राओं एवं नागरिक बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।