‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 1013 मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने तथा युवाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के त्याग और सहयोग का परिणाम है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों की सराहना नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की आशाओं और विश्वास का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षित, संस्कारित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास जगाना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।
शिक्षा और संस्कार से होगा राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य
कार्यक्रम के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों के योगदान को भी सम्मान दिया गया। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। शिक्षा, संस्कार और प्रोत्साहन के समन्वय से ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण संभव है, जो अपने परिवार, समाज, क्षेत्र और देश का गौरव बढ़ाएगी।
कार्यक्रम में सम्मानित सभी मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।




