युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार रखने का मंच प्रदान करने के लिए 'माय भारत' केंद्र सिवनी द्वारा आगामी 21 नवंबर 2026 को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी में जिला स्तरीय 'विकसित भारत युवा संसद' का आयोजन किया जाएगा। 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027' के तहत आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का विषय 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रखा गया है।जिला युवा अधिकारी श्री प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि इस युवा संसद में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों की आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले युवाओं को निर्धारित विषय "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। प्रतिभागी अपना भाषण हिंदी, अंग्रेजी या संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किसी भी भाषा में प्रस्तुत कर सकेंगे।जिला स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्‍ठ तीन वक्ताओं को प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रदेश स्तर के सर्वश्रेष्ठ वक्ताओं को संसद भवन, नई दिल्ली (Parliament) में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। 'माय भारत' केंद्र ने युवाओं से आधिकारिक पोर्टल (mybharat.gov.in) के माध्यम से पंजीकरण कर इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।