रबी वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में किसानों द्वारा खेतों की तैयारी एवं बोवनी का कार्य किया जा रहा है। कृषकों को अच्छी गुणवत्ता के प्रमाणित एवं उन्नत किस्मों के बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीज निगम सिवनी के सिवनी फार्म एवं छपारा फार्म में पर्याप्त मात्रा में बीजों का भंडारण किया गया है।

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, सिवनी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीज निगम के सिवनी एवं छपारा फार्म में गेहूं की विभिन्न उन्नत किस्मों के आधार एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध हैं। गेहूं की एच.आई. 1650, एच.आई. 1634 एवं एच.आई. 1029 किस्मों के आधार बीज सिवनी फार्म में 467 क्विंटल तथा छपारा फार्म में 192 क्विंटल उपलब्ध हैं। इनकी निर्धारित दर 4457 रुपये प्रति क्विंटल है।

इसी प्रकार गेहूं की प्रमाणित बीज किस्मों में डी.बी.डब्ल्यू. 303, एच.आई. 1650 एवं एच.आई. 1655 का सिवनी फार्म में 1307 क्विंटल तथा छपारा फार्म में 358 क्विंटल भंडारण किया गया है। प्रमाणित बीज की निर्धारित दर 4370 रुपये प्रति क्विंटल है। इसके अतिरिक्त चना की आर.बी.जी. 204 किस्म का 17 क्विंटल बीज छपारा फार्म में उपलब्ध है।

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने जिले के समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि रबी फसल की बोवनी के लिए बीज निगम के सिवनी फार्म एवं छपारा फार्म से अपनी आवश्यकता के अनुसार उन्नत किस्मों के आधार एवं प्रमाणित बीजों का उठाव करें तथा उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण बीजों का लाभ लेकर रबी फसल उत्पादन को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास करें।