जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आजाद पीजी महाविद्यालय में महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला धार के डही से प्रसारित विशेष कार्यक्रम का महाविद्यालय में सीधा प्रसारण किया गया, जिसे प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से देखा।
इस दौरान वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा जनजातीय संस्कृति की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों की भूमिका और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपक बकोरिया ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. उदय डोलस, श्रीमती मधुरिमा तिवारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



