राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा इछावर तहसील के ग्राम सालीखेड़ा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है और अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों के कल्याण और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की सुविधाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित हो।



