प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीहोर में दिनांक 27 अक्टूबर को मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद" कार्यक्रम के क्रियान्वयन के अंतर्गत थाना कोतवाली सीहोर का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पुलिस प्रशासन की संरचना महिला सुरक्षा नागरिकों की शिकायतों के निराकरण तथा आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की प्रक्रिया से अवगत कराना था।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को थाने की विभिन्न शाखाओं उनके दायित्वों तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। थाना प्रभारी श्री देवेंद्र सिंह ने थाने की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस विभाग किस प्रकार आम नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई करता है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य करता है।
इसी क्रम में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) श्री जे.पी. मिश्रा ने थाने के विभिन्न विभागों एवं उनसे संबंधित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस थाने की प्रशासनिक व्यवस्था तथा विभिन्न दायित्वों के निर्वहन की प्रक्रिया से परिचित कराया। उपनिरीक्षक (एसआई) श्री रामचरण नारोलिया ने पुलिस विभाग में विभिन्न पदों एवं रैंकों की संरचना को विस्तार से समझाया। उन्होंने पुलिस विभाग के पदानुक्रम अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा पुलिस प्रशासन में अनुशासन एवं समन्वय के महत्त्व पर प्रकाश डाला। भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी श्री गिरीश दुबे ने भी विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के स्टाफ का स्वागत किया तथा थाने की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली, नागरिकों के प्रति उत्तरदायित्व तथा समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के संबंध में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी शिकायतों के निराकरण के विषय में महिला डेस्क प्रभारी श्रीमती सीमा शर्मा ने विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिला डेस्क की कार्यप्रणाली महिलाओं की शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई तथा महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के महत्त्व को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास संवाद और समन्वय के महत्त्व पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि कई बार जानकारी के अभाव संकोच अथवा भय के कारण लोग अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस थाने जाने से हिचकिचाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना आवश्यक है। अधिकारियों ने दैनिक जीवन में सामने आने वाली विभिन्न परिस्थितियों के उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया कि पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करके कानून के दायरे में रहते हुए समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जा सकता है।
इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने कानून-व्यवस्था के प्रति जागरूक होने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस प्रकार का कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं पुलिस विभाग के बीच संवाद स्थापित करने के साथ-साथ समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होता है। अंततः यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इससे उन्हें पुलिस प्रशासन की संरचना महिला सुरक्षा नागरिकों के अधिकारों तथा पुलिस एवं समाज के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम का व्यापक उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से एनसीसी अधिकारी डॉ. कमलेश अहिरवार, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रभारी डॉ. तिमोथियस एक्का, श्री श्याम कुमार एवं श्रीमती सीनिका सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की।



