मध्यप्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग ने देवउठनी ग्यारस के अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सभी कलेक्टरों को जारी निर्देशों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने, बाल विवाह की सूचना प्राप्त करने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निर्देशों के अनुसार, देवउठनी ग्यारस पर सामूहिक विवाह बड़ी संख्या में आयोजित होते हैं। ऐसे में बाल विवाह की आशंका को देखते हुए ग्राम एवं वार्ड स्तर पर निगरानी दल गठित किए जाएंगे। स्कूलों-कॉलेजों में विद्यार्थियों को जागरूक करने, गांवों में बैठकें आयोजित करने तथा आंगनवाड़ी और स्कूल के बच्चों की जागरूकता रैली निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से बाल विवाह नहीं होने देने की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही 18 वर्ष से कम उम्र की अविवाहित किशोरियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके परिवारों को समझाइश दी जाएगी। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित करने और विशेष निगरानी दलों के माध्यम से सामूहिक विवाह स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बाल विवाह की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 181, 1098 और 112 एवं बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल stopchildmarriage.wcd.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने संबंधित अधिकारियों को बाल विवाह रोकथाम अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने, स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से जनजागरूकता बढ़ाने तथा अभियान में आयोजित गतिविधियों और रोके गए बाल विवाह की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।



