मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शासकीय विद्यालय हीरापुर में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर एवं विषयों की समझ का जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय में विज्ञान विषय का अध्यापन कराया जा रहा था। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विज्ञान के विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर उनकी समझ को परखा और कठिन अवधारणाओं को आसान भाषा में समझाया।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों से हृदय की गतिविधियों एवं उसके कार्य करने की प्रक्रिया के संबंध में प्रश्न पूछे। साथ ही प्रिज्म किस प्रकार कार्य करता है और प्रकाश के संदर्भ में इसकी क्या भूमिका है, इस बारे में भी जानकारी चाही। उन्होंने विद्यार्थियों को इन विषयों को सरल तरीके से समझाते हुए पढ़ाई के दौरान अवधारणाओं को स्पष्ट रूप से समझने पर जोर दिया।
इस दौरान छात्रा रिषिका ने पूछे गए सवालों के जवाब दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी सवाल का जवाब देने से पहले उसे अच्छी तरह समझना जरूरी है। सवाल को ध्यानपूर्वक पढ़ें, उसका आशय समझें और फिर सोच-समझकर उत्तर दें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इस सीख को आत्मसात करना चाहिए, जिससे उनकी विषयों पर पकड़ मजबूत होगी और वे आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दे सकेंगे। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से गंगा, नर्मदा और ब्रह्मपुत्र नदियों के संबंध में भी प्रश्न पूछे। उन्होंने विज्ञान के साथ-साथ अन्य विषयों की जानकारी रखने और नियमित अध्ययन करने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।




