प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत खोभी के ग्राम झोंझा में नर्मदा नदी के तट पर अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर सेवा संकल्प अभियान एवं नर्मदा समृद्धि परियोजना के अंतर्गत 2100 फलदार पौधों का सामूहिक पौधरोपण किया।

इस दौरान आम, नींबू, अमरूद, मोरिंगा और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे रोपे गए। इस पहल का उद्देश्य नर्मदा तटीय क्षेत्र को हरित एवं समृद्ध बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि फलदार पौधों का रोपण नर्मदा तटीय क्षेत्रों को हरित और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे मृदा अपरदन रोकने में मदद मिलेगी तथा फलदार पौधों के माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका को सशक्त बनाने के नए अवसर भी विकसित होंगे।

कार्यक्रम में गोटेगांव विधायक श्री महेंद्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, श्री रामसनेही पाठक, श्री हरप्रसाद, श्री प्रदीप नायर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, विभिन्न जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।