मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मुरैना के तत्वावधान में शासकीय कन्या महाविद्यालय, मुरैना में जनजातीय गौरव दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विचार संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री अनिल मोदी, नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी के प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर, राधा माधव संस्था के श्री गिर्राज शर्मा तथा कावेरी संस्था के श्री धर्मवीर तोमर उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विकासखंड समन्वयक श्री अनिल मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन एवं संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अल्पायु में ही जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान एवं सम्मान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन पर समुदाय के अधिकारों की रक्षा के साथ ही उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं कुप्रथाओं के विरुद्ध जनजागृति का कार्य किया। उनके विचार एवं आदर्श युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर मुरैना यूथ अकादमी के प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन वृत्त एवं उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध भी आवाज उठाई थी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहना चाहिए तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन, संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया। विद्यार्थियों ने उनके आदर्शों को वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में प्रासंगिक बताते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों पर विचार साझा किए।
संगोष्ठी का संचालन मेंटर श्री मनोज कुलश्रेष्ठ द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं राष्ट्रहित में किए गए योगदान को रेखांकित करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर परिषद के मेंटर श्रीमती सायरा जैन, श्रीमती सपना तोमर, श्री संजीव खमरिया, श्री बृजेश राय सहित बड़ी संख्या में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, समाज को नशामुक्त बनाने तथा राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।



