उच्च शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खंडवा में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ पी. आर. पाटिल, डॉ सुनील कुमार गोयल, डॉ रेखा गुंजन, डॉ कुलदीप सिंह फरे, खेल अधिकारी श्री अमित कुमार अब्राहम सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अगले चरण में चयनित 250 विद्यार्थियों का थाना भ्रमण प्रस्तावित है, जिससे उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली एवं कानून-व्यवस्था को निकट से समझने का अवसर मिलेगा। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सोमपाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आपराधिक न्याय व्यवस्था, समावेशी समाज, डिजिटल नागरिकता, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, हिंसा निवारण, आपातकालीन संसाधन, आपदा प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम सहित जिम्मेदार नागरिकता के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। रिसोर्स पर्सन ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर ने अपने अनुभव साझा करते हुए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, सतर्क रहने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में व्यवस्था का सहयोगी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से होने वाली निगरानी का उल्लेख करते हुए कानून के प्रति सजग रहने की बात कही। महिला थाना प्रभारी सुनीता भलराय एवं यातायात थाना प्रभारी स्नेहा ठाकुर ने महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और हिंसा निवारण पर मार्गदर्शन दिया। हेड कांस्टेबल जितेंद्र राठौर ने आपराधिक न्याय व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ गणेश प्रसाद दावरे ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनकर सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियम किसी न किसी अधिकार की रक्षा करता है। विद्यार्थियों को संविधान की भावना, मौलिक अधिकारों एवं राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों की जानकारी रखने के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। प्राचार्य डॉ एस. पी. सिंह ने कहा कि पुलिस को केवल कानून लागू करने वाली संस्था के रूप में नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और समाज में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने वाले सहयोगी के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने ‘विद्या वही जो मुक्त करे’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्ची शिक्षा वही है, जो व्यक्ति को विवेकशील बनाए, सही और गलत के बीच अंतर करना सिखाए तथा उसे जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने, किसी भी जानकारी की सत्यता परखे बिना उसे साझा न करने तथा असामाजिक एवं अनुचित गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने विधिक साक्षरता को सशक्त नागरिकता का आधार बताते हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की जानकारी रखने और कानून के प्रति सजग रहने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही सुरक्षित, समावेशी और जिम्मेदार समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद में विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता की जानकारी दी
निष्पक्ष डेस्क · खंडवा · 27 अक्टूबर 2026 · 4 मिनट



