कटनी (06 अक्टूबर) - कटनी के उच्च गुणवत्ता वाले मार्बल को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग दिलाने की दिशा में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की पहल पर मंगलवार को जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कटनी में मार्बल इकाई संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह चौहान एवं जिला खनिज अधिकारी श्री रत्नेश दीक्षित सहित जिले की विभिन्न मार्बल इकाइयों के संचालक उपस्थित रहे।जीआई टैग की प्रक्रिया और संगठन गठन पर चर्चा बैठक में अधिकारियों द्वारा जीआई टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा आवेदन प्रक्रिया में मार्बल इकाई संचालकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। जीआई आवेदन में सह-आवेदक के रूप में शामिल होने के लिए जिले की मार्बल इकाइयों का संगठन ‘कटनी मार्बल एसोसिएशन’ गठित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन को मध्यप्रदेश सोसाइटी रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1973 के अंतर्गत पंजीकृत कराने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई।राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी विशिष्ट पहचान जीआई टैग मिलने से कटनी मार्बल को उसके भौगोलिक मूल स्थान के नाम से विशिष्ट कानूनी पहचान और संरक्षण प्राप्त होगा। इससे अन्य क्षेत्रों के मार्बल को ‘कटनी मार्बल’ के नाम से बेचे जाने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। प्रमाणित पहचान से उत्पाद की साख और बाजार मूल्य बढ़ने के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग और विश्वसनीयता को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।निर्यात और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा जीआई टैग मिलने से कटनी मार्बल के निर्यात के नए अवसर विकसित होने के साथ खनन, कटाई, पॉलिशिंग एवं व्यापार से जुड़े श्रमिकों और उद्यमियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे कटनी जिले की औद्योगिक पहचान मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
कटनी मार्बल को जीआई टैग दिलाने मार्बल इकाई संचालकों की बैठक आयोजित जीआई टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया की दी गई जानकारी, ‘कटनी मार्बल एसोसिएशन’ के गठन पर भी हुई चर्चा
निष्पक्ष डेस्क · कटनी · 6 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट

