मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को महाकौशल कॉलेज में उद्यम एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, नगर निगम कमिश्नर अग्रिम कुमार ने नागरिकों, उद्यमियों और युवाओं से संवाद किया। संवाद के इन कार्यक्रमों में शासन की योजनाओं, शहर के विकास और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई, वहीं उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उद्योगों से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे। कार्यक्रम में स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी सामने आईं।
योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा: महापौर श्री अन्नू
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है। पहले योजनाओं की राशि विभिन्न स्तरों पर प्रक्रियाओं में कुछ विलम्ब हो जाती थी, लेकिन अब प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हुई है। शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सेवा भावना के साथ विकास करना है।
युवा नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें: विधायक अशोक रोहाणी
विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने का माध्यम है। इसके तहत अधिकारी और जनप्रतिनिधि क्षेत्र में पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तव में लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रत्येक शुक्रवार को जनता से सीधे संवाद करने की पहल की है, जिससे समस्याओं को मौके पर सुनकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है। औद्योगिक विकास के माध्यम से अगले दो वर्षों में दो लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं से उन्होंने कहा कि वे अभी से अपने करियर के प्रति सजग रहें। सरकार स्वरोजगार और उद्योग स्थापित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करा रही है। युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य रखना चाहिए।
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील: एसपी श्री सम्पत उपाध्याय
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने युवाओं और नागरिकों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जबलपुर में पिछले एक साल में कई सड़क दुर्घटना हुई है, इनमें से कई लोगों की जान हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों का पालन करने से बचाई जा सकती थी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की।
साइबर अपराधों पर उन्होंने कहा कि ठग लोग कभी डर दिखाकर तो कभी अधिक मुनाफे का लालच देकर निशाना बनाते हैं। किसी अनजान व्यक्ति के दबाव में न आएं और अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को अंदर से खोखला कर देता है। आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि जबलपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
छह साल में खड़ा किया कारोबार, पैन इंडिया कर रहे सप्लाई
उद्यम संवाद में उद्यमी ध्रुव शर्मा ने अपनी कंपनी एप्लम्ब केयर प्राइवेट लिमिटेड की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बरेला औद्योगिक क्षेत्र में उनकी फैक्ट्री है, जहां टूथपेस्ट की विभिन्न रेंज के साथ पर्सनल केयर उत्पादों का निर्माण किया जाता है। कंपनी के उत्पादों की सप्लाई रक्षा मंत्रालय के कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट और गृह मंत्रालय से जुड़े कैंटीन नेटवर्क में भी उनके उत्पादों की सप्लाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले छह-सात वर्षों से वे इस कारोबार में हैं। फैक्ट्री के लिए दो बार सब्सिडी के आवेदन किए और एमएसएमई सहित विभिन्न विभागों से सहयोग मिला है।
डीआईसी की मदद से स्थापित की फैक्ट्री
रिछाई औद्योगिक क्षेत्र के डिनोट इंडिया नाम से इंडस्ट्री के संचालक अमित पासी और उनकी पत्नी मोनिका पासी ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। अमित पासी ने बताया कि करीब छह साल पहले वे घर के आसपास गोदाम लेकर छोटे स्तर पर कारोबार करते थे। उनका सपना अपनी फैक्ट्री स्थापित करने का था, लेकिन बैंक से जमीन खरीदने और उद्योग लगाने के लिए सहायता नहीं मिल पा रही थी।
ऐसे समय में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहयोग से युवा उद्यमी योजना के तहत 51 लाख रुपये का ऋण मिला। इससे उन्होंने रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री स्थापित की। शुरुआत में उनके यहां 15 से 17 कर्मचारी काम करते थे, जबकि अब 43 लोगों को रोजगार दे रहे हैं। उनका कारोबार मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ तक फैल चुका है।
मनिहारी के काम से तीन बेटियों का पालन-पोषण, 50 हजार मिला नया ऋण
कार्यक्रम में बिस्मिल्लाह बी ने बताया कि वह मनिहारी का व्यवसाय करती हैं। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर लगने वाले मेलों और बाजारों में दुकान लगाकर सामान बेचती हैं। उनकी तीन बेटियां हैं और इसी व्यवसाय से वे परिवार का खर्च चलाने के साथ आत्मनिर्भर बन रही हैं। अब व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपये की अतिरिक्त ऋण दिया है।
10 लाख के ऋण से बनाया कोल्ड स्टोरेज, मिली 3.50 लाख की सब्सिडी
महिला उद्यमी जान्हवी और उनके पति ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत 10 लाख रुपये का ऋण लेकर कोल्ड स्टोरेज स्थापित किया। इसमें उन्हें 3.50 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। वर्तमान में वे इसमें मटर का भंडारण कर रहे हैं। आने वाले समय में वे मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहते हैं।
कार्यक्रम में उद्यमियों और हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें स्वरोजगार और उद्योग स्थापित करने में मदद मिली है। वहीं लाइसेंस प्रक्रिया सरल करने, सिंगल विंडो व्यवस्था और विभागीय समन्वय बेहतर बनाने जैसे सुझाव भी रखे गए।



