कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में पहुंचे आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 176 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में पहुंचे लोगों से भी भेंट की। उन्होंने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में आए आवेदनों में नामांतरण, सीमाकंन, कब्जा, बिजली बिल, पुराना गैस कनेक्शन रिकवरी, स्कूल द्वारा प्रमाण पत्र दिलाया जाना, रोजगार संबंधी, आधार कार्ड सुधार, मजदूरी भुगतान, संबल अनुग्रह सहायता, निर्माण कार्य रोकने, पेंशन, रोजगार दिलाए जाने, खसरा में नाम सुधार, धान का भुगतान तथा विभिन्न व्यक्तिगत समस्याओं के आवेदन शामिल थे।

जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, अखिलेश सिंह, संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

पार्वती कोल को तत्काल चार लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि स्‍वीकृत

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जनसुनवाई में पहुंची सिहोरा के वार्ड नंबर 01 निवासी आवेदिका पार्वती कोल को उनके पति स्व. कमलेश कोल की 29 जनवरी 2026 को मुहारी डेम में डूबने से हुई अकाल मृत्यु पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम ग्रामीण को निर्देश दिए कि उन्हें नियमानुसार अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाए। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम ग्रामीण ने राजस्व पुस्तक परिपत्र छह-चार के प्रावधानों के तहत मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी है, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। कलेक्‍टर श्री विश्‍वकर्मा ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि अनुग्रह राशि के स्‍वीकृति पत्र पीडि़त परिवार के घर जाकर प्रदाय करें।