संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में देवी अहिल्या होलकर विमानतल इंदौर के पर्यावरण प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक संभागायुक्त कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने देवी अहिल्या होलकर विमानतल पर पर्यावरण सुरक्षा के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देवी अहिल्या होलकर विमानतल इंदौर पर पर्यावरण की दृष्टि से इंदौर-पीथमपुर मार्ग और सुपर कॉरिडोर से पीथमपुर जाने वाले मार्ग पर खुले में कूड़ा-कचरा नहीं होने दी जाये। इस क्षेत्र में जमा गंदगी पर्यावरण के लिये हानिकारक होने के साथ-साथ यह पक्षियों को भी आकर्षित कर विमान सुरक्षा के लिये गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त क्षेत्र की नियमित रूप में सफाई सुनिश्चित किया जाये और चिन्हित किये गये स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से विमानतल के आसपास के परिक्षेत्र में किसी भी प्रकार की लेजर गतिविधियां नहीं होने दें। विमानतल के आसपास इस तरह की गतिविधियां प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। उन्होंने कहा कि विमानतल के आसपास के क्षेत्र में हाईराइज बिल्डिंग की अनुमति नहीं दी जाये। साथ ही विमानतल की परिधि विशेषकर रनवे के आसपास वृक्षों की कटाई की जाये। विमान सुरक्षा की दृष्टि से पेड़ों की कटाई सुनिश्चित की जाये।
बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के निदेशक श्री विक्रम कुमार शिवराज भाई ठक्कर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, प्राधिकरण के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री जी.एल. वर्मा, एडिशनल डीसीपी श्री सुमित केरकट्टा, डीएफओ श्री लाल सुधाकर सिंह, बीएसएफ, नगर निगम एवं अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद थे।



