विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से किया सीधा संवाद

सुनी समस्याएं एवं दी योजनाओं की जानकारी

हरदा, 4 नवंबर 2026/ जिले में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देशानुसार किसानों को कृषि एवं सहायक गतिविधियों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर परिषद सिराली में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कृषि वैज्ञानिक, कृषि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के कृषक उपस्थित रहे। कृषक चौपाल में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को रबी मौसम के लिए तैयार की गई कार्य योजना की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उपलब्ध सिंचाई जल का प्राथमिकता के आधार पर उपयोग करने, कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों एवं कृषि तकनीकों को अपनाने तथा फसल की आवश्यकतानुसार संतुलित उर्वरक प्रबंधन करने की सलाह दी। साथ ही डीएपी के स्थान पर वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के संबंध में भी किसानों को जानकारी प्रदान की गई। परियोजना संचालक आत्मा द्वारा किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की उपयोगिता से अवगत कराया गया। उन्होंने जैविक खेती की विभिन्न तकनीकों, जैविक आदानों के निर्माण एवं उपयोग तथा कृषि लागत में कमी लाने के उपायों की जानकारी देते हुए किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा नरवाई प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नरवाई प्रबंधन में उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। किसानों को फसल अवशेषों को जलाने के स्थान पर कृषि यंत्रों के माध्यम से उनका उचित प्रबंधन करने तथा मिट्टी की उर्वरता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की गई। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा रबी फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने फसल चयन, उन्नत किस्मों, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन एवं कीट-व्याधि नियंत्रण के संबंध में तकनीकी सुझाव प्रदान किए। विशेष रूप से कम पानी की उपलब्धता में फसलों की उत्पादकता बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से किसानों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों से सीधा संवाद कर उनकी कृषि संबंधी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कृषक चौपाल का उद्देश्य किसानों को संभावित कृषि जोखिमों से बचाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने, आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से किसानों को समय पर तकनीकी एवं योजनागत सहायता उपलब्ध कराना रहा।