राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं माय भारत के तहत जिला चिकित्सालय हरदा में रविवार को ’’स्वस्थ जीवनशैली व पोषण का महत्व’’ एवं ’’नशे की लत का स्वास्थ्य पर असर’’ पर केन्द्रित विशेष गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए सभी युवाओं का बीएमआई किया गया एवं ब्लड प्रेशर लिया गया। उमंग काउंसलर श्रीमती पारुल काशिव ने बीएमआई के लाभ के बारे ने बताया।
युवाओं का वजन एवं ऊंचाई ली गई और आयु अनुसार बीएमआई निकाला गया। श्रीमती काशिव ने बताया कि बॉडी मॉस इंडेक्स एक एैसा तरीका है, जिससे यह पता चलता है कि आयु, वजन व ऊंचाई अनुसार शरीर संतुलित है अथवा नहीं। बीएमआई यदि सामान्य से कम है तो अंडर वेट और अधिक है तो ओवर वेट अथवा मोटापे की श्रेणी में आते हैं। स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ पीयूष दोगने एवं उमंग काउंसलर श्री दीपक गौर ने नशा मुक्त युवा के संबंध में जानकारी दी। किशोर एवं युवा अवस्था में तंबाकू पान मसाला के साथ खाने वालों की संख्या में निरंतर वृद्वि हो रही है। ये लोग स्वयं का नुकसान करते हैं कैंसर जैसे जानलेवा रोग का आमंत्रण के साथ सार्वजनिक स्थानों को थूककर खराब कर रहे हैं।
जिला समन्वयक श्री आशीष साकल्ले ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एच पी सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत गतिविधियॉ आयोजित की जा रही है। प्रमुख रूप से स्वस्थ जीवनशैली, पोषण, नशा मुक्ति अभियान के साथ किशोर और युवा जागरूकता से संबंधित अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मानसिक स्वास्थ्य, हिंसा, असंचारी रोगों से बचाव आदि पर निरंतर कार्यशाला शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रृद्वा मित्तल ने बताया कि माय भारत अंतर्गत देश के 200 जिलों में प्रति रविवार गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम माय हेल्थ माय प्राईडी की थीम पर आयोजित किया गया है। देश के 200 चिन्हित जिलों में स्वस्थ्य जीवनशैली, फिटनेस, सामुदायिक सेवा, स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण आदि पर गतिविधियॉ की जा रही है।
इस दौरान श्री अजय मंडलेकर, श्री गणेश सराठे, श्री मयंक शर्मा, श्री राज पाराशर, श्री गौतम बैरागी, श्री कनक सोलंकी, श्री राकेश पिपलोदे और श्री शुभम ढोके उपस्थित रहे।


