पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चारुवा में मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए ‘लोकतंत्र की पाठशाला’ के रूप में एक आदर्श युवा ग्राम सभा का विशेष आयोजन किया गया। इस अनूठे कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पंचायत राज व्यवस्था और ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को जीवंत रूप में समझने के लिए एक मॉक (दिखावटी) ग्राम सभा का सफल मंचन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत चारुवा के उपसरपंच श्रीमती मंजू बाघेला, पंच श्रीमती हेमलता सोनी तथा ग्राम पंचायत सचिव श्री निलेश नागले विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास और उनके अभिनय व समझ की जमकर सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन समन्वयक श्री अभिलाष खड़से के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
युवा ग्राम सभा में छात्राओं और छात्रों ने विभिन्न प्रशासनिक व जनप्रतिनिधियों की भूमिकाएँ पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाईं। इसमें मुख्य रूप से सरपंच की भूमिका में छात्रा कुमारी कृतिका गौर, सचिव की भूमिका में छात्रा कुमारी पलक कीरार रही। इसके अलावा उपसरपंच, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कृषि सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि, नवोदय के शिक्षक तथा वार्ड मेंबर्स के रूप में भी विद्यार्थियों ने अपनी सशक्त भूमिका दर्ज कराई।
युवा ग्राम सभा के दौरान गाँव और विद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर बिंदुवार चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
इस दौरान गाँव में साफ पानी की उपलब्धता और सफाई अभियान, किसानों के लिए सिंचाई की उन्नत व्यवस्था, ग्रामीण रास्तों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट्स, महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ, युवाओं को हुनरमंद बनाने और रोजगार के अवसर तथा विद्यालय परिसर और आसपास की व्यावहारिक चुनौतियाँ संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
ग्राम सभा के दौरान छात्र सरपंच और सचिव ने अपने संबोधन में लोकतंत्र की गहराई को समझाते हुए कहा, “ग्राम सभा केवल पंचायत भवन में बैठकर कुछ प्रस्ताव पास करने का नाम नहीं है। यह वह मंच है जहाँ गाँव के लोग अपनी जरूरतों, समस्याओं और विकास की दिशा पर बात करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री पी. पी. मिश्रा ने बहुत ही सरल और व्यावहारिक उदाहरण देकर विद्यार्थियों को वास्तविक ग्राम सभा के महत्व और पंचायती राज के अधिकारों से अवगत कराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री बलवंत झोड, श्री कृष्ण कन्हैया, श्री शुभम अहिरवार, श्री आकाश सोनी, श्री एम. के. गुप्ता एवं अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर आभार प्रदर्शन श्री एम. आर. जाटव द्वारा किया गया।


