शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गुना, मध्य प्रदेश में आज उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में ‘ जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद ’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संविधान, कानून, नागरिक अधिकारों, आपराधिक न्याय व्यवस्था, सड़क सुरक्षा तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना और उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमलता श्रीवास्तव उपस्थित रही। उन्होंने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को संविधान एवं कानून की जानकारी होना आवश्यक है। जागरूक युवा ही एक सुरक्षित, जिम्मेदार और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रशांत कुमार सुमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान, नागरिकों के अधिकारों, संविधान एवं कानून की बुनियाद तथा आपराधिक न्याय व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा समाज में सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि श्री जे.बी. सिद्दीकी, डीएसपी ने पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका तथा नशे से दूर रहने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के प्रभारी कैप्टन डॉ. मनोज कुमार भिरोरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं की सक्रिय सहभागिता और जनसुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को रेखांकित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. के. वी. बुनकर, प्राध्यापक डॉ. ललित कुमार नामदेव, डॉ. प्रभात चौधरी, प्रो. एम. के. गोयल (प्रशासनिक अधिकारी), डॉ. देवेंद्र भड़ेरिया, डॉ. कल्पना रैकवार, डॉ. अर्चना तिवारी, प्रो. पुरुषोत्तम गौतम, डॉ. तजेंद्र नागर, डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, डॉ. शालिनी जैन एवं डॉ. मधुप श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की।