जिला प्रशासन द्वारा जन सहयोग से स्थानीय ऐतिहासिक विरासत व जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल देखने को मिली है। नालछा विकासखंड की ग्राम पंचायत दिग्ठान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर की समाप्ति के उपरांत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों के तत्काल निर्णय और सक्रिय सहभागिता से सदियों पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार एवं सफाई हेतु सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।वर्तमान में वर्षा की कमी की स्थिति को देखते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अखिलेश कुमार जैन ने समस्त नागरिकों और ग्राम पंचायतों से पेयजल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने और भूजल स्तर में सुधार लाने के लिए क्षेत्रों में स्थित प्राचीन बावड़ियों का पुनरुद्धार एवं जीर्णोद्धार किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में सभी ग्राम पंचायतों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

प्राचीन बावड़ियों का पुनरुद्धार एवं जीर्णोद्धार न केवल स्थानीय भूजल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि कर जल संकट को दूर करने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि इससे हमारी अमूल्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासतों का अस्तित्व भी सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही, बावड़ियों के संरक्षण से प्राप्त स्वच्छ जल का उपयोग पेयजल, सिंचाई तथा पशुओं की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सुगमता से किया जा सकेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों को संबल मिलेगा।ग्राम भ्रमण के दौरान देखा गया कि पंचायत भवन के समीप स्थित यह बावड़ी देखने में लगभग 200 से 250 वर्ष प्राचीन प्रतीत होती है। इसके आंतरिक हिस्से में दो सुंदर प्राचीन द्वार भी मौजूद हैं, जो इसकी ऐतिहासिकता और उत्कृष्ट स्थापत्य शैली को दर्शाते हैं।

प्राचीन बावड़ी की जीर्ण-शीर्ण अवस्था और चारों तरफ उगी झाड़-झंखाड़ को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ, स्थानीय जनपद सदस्य, ग्राम सरपंच तथा ग्राम पंचायत सचिव सहित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर मौके पर ही तत्काल श्रमदान करने का निर्णय लिया। लगभग दो घंटे तक चले गहन सफाई अभियान में बावड़ी के चारों ओर जमा झाड़ियों, कचरे और गंदगी को पूरी तरह साफ किया गया।

बावड़ी के मुख्य आंतरिक हिस्से में जाने वाला पुराना रास्ता बंद होने के कारण, श्रमदान के दौरान तत्परता दिखाते हुए अंदर प्रवेश के लिए एक नया रास्ता तैयार किया गया। इसके साथ ही, सीईओ जनपद पंचायत द्वारा उपस्थित ग्राम पंचायत सचिव एवं सरपंच को बावड़ी के प्राचीन द्वारों और अंदरूनी हिस्से की भी मुकम्मल सफाई सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बावड़ी के पुनरुद्धार और कायाकल्प को देखकर स्थानीय ग्रामीणों एवं बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए अपनी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि प्राचीन समय में उनके पूर्वज, वे स्वयं और उनके परिवार के लोग इसी बावड़ी के स्वच्छ जल का उपयोग पीने एवं स्नान के लिए किया करते थे। वर्षों बाद ऐतिहासिक बावड़ी को पुनः उसके मूल एवं प्रामाणिक स्वरूप में लौटते देख सभी ने अपार प्रसन्नता जताई और भविष्य में भी इसके नियमित रखरखाव का संकल्प लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता निभाई।