कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना द्वारा जिले में वर्षा जल संचय एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशानुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा मनरेगा के तहत निर्मित स्टॉपडेमों में पानी का प्रवाह रोकने के लिए तत्काल कड़ी शटर और गेट लगाने की कार्यवाही शुरू करने को कहा गया है।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्रियों को निर्देशित किया है कि वे पंचायतवार स्टॉपडेमों को सूचीबद्ध कर शटर लगाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा करें। जल प्रवाह रोकने के लिए उपलब्ध लोहे व लकड़ी के शटरों का सदुपयोग करने, खराब शटरों की नियमानुसार मरम्मत कराने तथा आवश्यकतानुसार देशी तकनीकों का प्रयोग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, जल स्रोतों के बहुउद्देशीय उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ऐसे तालाबों में, जिनके वेस्टवियर से पानी बहकर बाहर जा रहा है, उनमें फिशिंग नेट (जाल) लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि संग्रहित जल में मत्स्य पालन की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।


