माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं। मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संबंधित संस्था प्राचार्यों को कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के प्रवेश पत्रों का सूक्ष्म परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश पत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर विषय, माध्यम एवं अन्य आवश्यक संशोधन मंडल द्वारा निर्धारित शुल्क जमा कर ऑनलाइन कराए जा सकेंगे। संशोधन के उपरांत संबंधित प्राचार्य अथवा अशासकीय संस्था के प्राचार्य द्वारा घोषणा पत्र ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। इसके लिए 26 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। घोषणा पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत करने के बाद ही विद्यार्थियों के मूल प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। मंडल ने सभी संस्था प्राचार्यों को निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश पत्रों का परीक्षण एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा 2027 के प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी, संशोधन के लिए 31 दिसंबर तक मिलेगा मौका
निष्पक्ष डेस्क · दतिया · 12 नवंबर 2026 · 2 मिनट



