भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में गुरुवार को स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी चीतों के बारे में सीखने जुटे। मध्यप्रदेश में चीता पुनर्स्थापना के चार वर्ष पूरे होने पर यहां ‘चीता चौपाल’ आयोजित की गई, जिसका मकसद युवाओं को चीता संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
अधिकारियों ने सुनाई चार साल की यात्रा
प्रमुख सचिव वन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने वर्चुअली जुड़कर पिछले चार वर्षों में चीतों के संरक्षण, प्रजनन और रहवास के बारे में बताया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजोरा ने चीता पुनर्वास, प्राकृतिक आवास और संरक्षण पर जानकारी दी। कूनो राष्ट्रीय उद्यान के क्षेत्र संचालक उत्तम शर्मा ने भी वर्चुअली जुड़कर प्रबंधन के अनुभव साझा किए।
पत्थर और लकड़ी पर चीते
चौपाल में कूनो राष्ट्रीय उद्यान की ओर से चीता पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई गई। विद्यार्थियों के लिए स्टोन पेंटिंग और वुडन टाइल पेंटिंग प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें भोपाल के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 90 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।


