उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में गज शावक कृष्णा का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। 16 अक्टूबर को जन्मदिन के अवसर पर टाइगर रिजर्व प्रबंधन और महावतों ने विशेष तैयारियां कीं। 16 अक्टूबर 2025 को हथिनी बांधवी के जन्मे शावक का नामकरण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 31 दिसंबर 2025 को किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 14 अक्टूबर, 2026 को उमरिया प्रवास के दौरान कृष्णा का कुशलक्षेम जाना था और उसका जन्मदिन विशेष रूप से मनाने के निर्देश दिए थे।
जन्मदिन पर कृष्णा को मल्टीग्रेन आटे की रोटियों, केले, सेब, गन्ने और गुड़ से तैयार विशेष केक दिया गया। उसने इस पौष्टिक केक का भरपूर आनंद लिया और अपनी मां बांधवी के साथ खूब अठखेलियां कीं।
जन्मदिन की सुबह महावतों ने कृष्णा को विशेष स्नान कराया। इसके बाद वह मां बांधवी के साथ खेलता नजर आया। उसकी चंचल हरकतों ने महावतों और वन विभाग के कर्मचारियों का मन मोह लिया। इस आयोजन के माध्यम से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने वन्यजीवों की देखभाल और उनके प्रति कर्मचारियों के स्नेह को रेखांकित किया।



