पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को), पर्यावरण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा 22 अक्टूबर 2026 को भोपाल स्थित एप्को सभागार में राज्य स्तरीय एक दिवसीय पर्यावरण शिक्षण मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन के निर्देशन में शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा के प्रभारी प्राचार्य श्री सौरभ कुमार शर्मा ने बालाघाट जिले का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम में लगभग 52 जिलों के प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, दस्तावेजीकरण और सतत जीवनशैली जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में कागज निर्माण, मिट्टी से पशु-पक्षियों की आकृतियां बनाने तथा पत्तियों से जैविक खाद तैयार करने जैसी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों में सराहनीय योगदान तथा टाइगर डे के अवसर पर कान्हा टाइगर रिजर्व में विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग और मुखौटा निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कराने के लिए श्री सौरभ कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पर्यावरण शिक्षण किट प्रदान की गई। वहीं, प्रदेश के नौ टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में टाइगर डे के सफल आयोजन में योगदान देने वाले मास्टर ट्रेनर्स को भी प्रमाण-पत्र दिए गए।
प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव के आधार पर श्री शर्मा बालाघाट जिले के विद्यालयों के इको-क्लब प्रभारियों को प्रशिक्षित करेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण एवं सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यालयों में पर्यावरण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करना है।



