मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 23 अक्टूबर को कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत पचपेढ़ी के ग्राम कुमझर एवं ग्राम पंचायत बटवा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार, भोजन व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, कुपोषण की स्थिति और टीकाकरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम पंचायत मोहगांवखुर्द के बैगा जनजाति बहुल ग्राम बरखों पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण आहार की व्यवस्था का लिया जायजा

कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम कुमझर एवं बटवा के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते और दोपहर के भोजन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भी बातचीत कर पूछा कि उन्हें उस दिन नाश्ते और भोजन में क्या दिया गया था। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से भोजन एवं नाश्ते के नमूने दिखाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान भोजन और नाश्ते के नमूने एक ही डिब्बे में रखे पाए जाने पर कलेक्टर ने दोनों नमूनों को अलग-अलग डिब्बों में रखने के निर्देश दिए, ताकि उनकी पहचान और जांच में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों की संख्या, कुपोषण की स्थिति तथा गंभीर तीव्र कुपोषण (एसएएम) और मध्यम तीव्र कुपोषण (एमएएम) श्रेणी के बच्चों की जानकारी भी प्राप्त की। साथ ही निरीक्षण पंजी का अवलोकन कर यह जाना कि संबंधित अधिकारियों द्वारा केंद्रों का निरीक्षण कब-कब किया गया है।

कुपोषित बच्चों के उपचार और नियमित स्वास्थ्य जांच पर जोर

कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों के अक्षर ज्ञान, गिनती सीखने की स्थिति और टीकाकरण की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एसएएम श्रेणी के कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र में अनिवार्य रूप से भर्ती कराया जाए। बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए नियमित रूप से वजन और ऊंचाई मापने तथा समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में गंभीरता बरतने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बरखों में ग्रामीणों से संवाद कर सुनीं समस्याएं

आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री आदित्य सिंह बैगा जनजाति बहुल ग्राम बरखों पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

संवाद के दौरान ग्रामीणों ने मोहगांव और बरखों के बीच मानकुंवर नाले पर आवागमन की सुविधा के लिए पुलिया निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में उनका नाम शामिल नहीं हुआ है। इसके अलावा गांव में रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने, आबादी की भूमि उपलब्ध कराने और नल-जल योजना को शीघ्र चालू करने की मांग भी की।

कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवास प्लस योजना की सूची ग्राम के सामुदायिक स्थल पर चस्पा कराने के लिए भी कहा, ताकि ग्रामीण सूची में अपना नाम देख सकें।

पशुपालन और स्वरोजगार अपनाकर आय बढ़ाने की दी सलाह

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने उन्हें रोजगार एवं आय के स्थायी साधन विकसित करने के लिए पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन और भैंसपालन जैसी गतिविधियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए अच्छी नस्ल की गाय और भैंस का पालन किया जा सकता है। पशुपालन विभाग के माध्यम से मादा पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान द्वारा नस्ल सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही दुधारू पशु पालन के लिए विभागीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण संबंधी सहायता भी प्राप्त की जा सकती है।

इस दौरान गांव की महिलाओं ने मुर्गीपालन और बकरीपालन अपनाने में रुचि दिखाई, जबकि कुछ ग्रामीणों ने दुग्ध उत्पादन के लिए दुधारू पशु पालने की इच्छा व्यक्त की। गांव के युवाओं ने स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने कृषि विभाग को अनुदान पर कृषि यंत्र वितरण की कार्रवाई करने तथा जनजातीय कार्य विभाग को स्वरोजगार योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों के प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।

राशन वितरण और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की मिली जानकारी

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि गांव में राशन दुकान से समय पर खाद्यान्न मिल रहा है और स्कूल में शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित हो रहे हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ गांव में संचालित शासकीय योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्‍टर श्री सिंह ने ग्रामीणों को गांव में बने स्‍वच्‍छता परिसर का उपयोग करने कहा।