मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित जेल भर्ती परीक्षा-2026 में सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी पद के लिए द्वितीय चरण में पात्र अभ्यर्थियों का शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन 7 अक्टूबर से शुरू होगा। यह प्रक्रिया 18 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन का आयोजन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़, भोपाल में किया जाएगा।लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी के साथ उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट esb.mp.gov.in एवं जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in पर उपलब्ध आवश्यक प्रपत्र डाउनलोड कर साथ लाने होंगे।
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 4 जून से 20 जून 2026 तक किया गया था। परीक्षा का परिणाम 14 अगस्त 2026 को घोषित किया गया।भर्ती के तहत सहायक जेल अधीक्षक के 25 और जेल प्रहरी के 757 पद हैं। लिखित परीक्षा के प्रथम चरण में सहायक जेल अधीक्षक के लिए 256 और जेल प्रहरी के लिए 8,217 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के लिए पात्र पाया गया है। अब इन अभ्यर्थियों का शारीरिक नापजोख, प्रवीणता परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।

