सांदीपनी विद्यालय अशोकनगर में मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में “विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अशोकनगर श्री जजपाल सिंह जज्जी के साथ युवाओं ने लोकतंत्र, मतदान, नागरिक अधिकारों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। युवाओं ने अपने प्रश्न एवं विचार प्रस्तुत किए तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य तरुण रस्तोगी जी ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नेशनल यूथ आइकॉन, मेरा युवा भारत, सुश्री सिफा मंसूरी द्वारा “Know Your Vote” विषय पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसमें मतदान के महत्व, मताधिकार एवं लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि युवा केवल भारत का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। इस अवसर पर मेरा युवा भारत, अशोकनगर के जिला युवा अधिकारी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मेरा युवा भारत संगठन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली, युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को MY Bharat पोर्टल से जुड़कर विभिन्न अवसरों का लाभ लेने तथा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशेष
अतिथि संजीव भार्रिल, अभिषेक पाठक,धर्मेन्द्र रघुवंशी,अभय प्रताप ने युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, प्राध्यापकगण एवं छात्र- छात्राओं को लोकतंत्र की शपथ दिलाई गई तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प कराया गया। साथ ही युवाओं को मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीयन कराने एवं MY Bharat के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करने की अपील की गई, ताकि युवा संगठन की विभिन्न गतिविधियों, योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकें और अधिक से अधिक युवा MY Bharat से जुड़ सकें।



