पशुपालन विभाग द्वारा आलीराजपुर जिले के बरझर, अजंदा एवं वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का आयोजन किया जाएगा। योजना का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना तथा श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है।

योजना के अंतर्गत भारतीय उन्नत नस्ल की ऐसी दुधारू गाय रखने वाले पात्र पशुपालक आवेदन कर सकेंगे, जिनकी गाय का प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक है। पशुओं का पंजीयन एवं सत्यापन संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी और मैदानी कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर श्रेष्ठ गायों का चयन होगा।

योजना के तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंश की खरीद, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किया जा सकेगा। योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुपालकों की आय में वृद्धि के प्रयासों को गति मिलेगी।